धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र स्थित पारस नाथ फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल के पैसे मांगने को लेकर 2 सेल्समैन से मारपीट की गई। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार वाहन सवार व्यक्तियों ने पेट्रोल भरवाया। जब कर्मचारियों ने उनसे भुगतान मांगा, तो आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों सेल्समैन के साथ हाथापाई की गई। घटना की सूचना मिलने पर मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पीड़ित कर्मचारियों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


