सज-धज कर आईं विधायक, लूट लिया मंच:मंत्री से बोले सीएम-आपकी मांगें हनुमान की पूंछ जैसी लंबी; कांग्रेस नेता बोले-शिवराज के ताऊ निकले मोहन यादव

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। भाजपा विधायक छाया मोरे ने बटोरी सुर्खियां
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जब खंडवा पहुंचे, तो उनके मंच पर पंधाना विधायक छाया मोरे आदिवासी संस्कृति के रंग में नजर आईं। उन्होंने मंच पर पारंपरिक नृत्य भी प्रस्तुत किया। उनके पहनावे और साज-सज्जा से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने मंच से ही उनकी सराहना भी की। जब मुख्यमंत्री भाषण देने आए, तो उन्होंने कहा- हमारी बहन सज-धज कर आई हैं। छाया मोरे जी। हमारी बहन के लिए जोरदार अभिनंदन कीजिए। इस पर विधायक छाया मोरे ने कहा कि उन्हें इस बात का गौरव है। मुख्यमंत्री ने भी मुस्कराते हुए जवाब दिया- हां, यह गौरव की बात है। कार्यक्रम के बाद लोगों के बीच चर्चा होने लगी कि मंच पर दो मंत्री, तीन विधायक और एक सांसद मौजूद होने के बावजूद मंच की सारी सुर्खियां विधायक छाया मोरे ने बटोर लीं। मंच पर एक और दिलचस्प वाकया भी हुआ। दरअसल, जब छाया मोरे अपना संबोधन दे रही थीं, तो डायस की ऊंचाई अधिक होने के कारण सिर्फ उनका चेहरा ही दिखाई दे रहा था। इसके बाद उनके पैरों के नीचे एक पटिया रखी गई, तब जाकर वे पूरी तरह नजर आईं। मुख्यमंत्री के मंच पर हुए इन घटनाक्रमों के बाद लोग कहने लगे हैं कि विधायक छाया मोरे का कद बढ़ गया है। मंत्री की मांग पर मुख्यमंत्री ने कह दी बड़ी बात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की तुलना अभिनेता धर्मेंद्र से कर दी। मुख्यमंत्री दमोह जिले के नोहटा पहुंचे थे, जहां मंच पर मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने उनके सामने क्षेत्र से जुड़ी कुछ मांगें रखीं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा- आप जो मांगेंगे, वह सब दूंगा धर्मेंद्र जी। इसके बाद उन्होंने मुस्कराते हुए कहा- हमारे यहां तो धर्मेंद्र और हेमा मालिनी फिल्मी जमाने से ही परिचित हैं। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर मंच पर मौजूद लोग ठहाके लगाकर हंस पड़े। मंच पर एक और दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला। जब मुख्यमंत्री अपना संबोधन दे रहे थे, तभी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को लगा कि भाषण अब समाप्त होने वाला है। ऐसे में वे मुख्यमंत्री के पास पहुंचे और नोहटा को नगर परिषद बनाए जाने की मांग रख दी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा- आपने फिर एक और बात जोड़ दी। आपकी मांगें तो हनुमान जी की पूंछ की तरह लंबी होती जा रही हैं। लेकिन आपसे प्रेम ऐसा है कि कोई बात नहीं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यहां परीक्षण के आधार पर नगर परिषद बनाई जाएगी। कांग्रेस विधायक अजय सिंह का बड़ा संकल्प
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा- ‘पहले हम लोग सोचते थे कि शिवराज सिंह जी घोषणावीर हैं, पर मोहन यादव जी उनके बड़े पिता निकले।’ अजय सिंह भिंड जिले के लहार पहुंचे थे, जहां उन्होंने पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह से मुलाकात की। दरअसल, अजय सिंह ग्वालियर-चंबल दौरे पर थे। इस दौरान वे कई नेताओं से मिले। इसे लेकर अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अजय सिंह भी सक्रिय दौड़-भाग में जुट गए हैं। इसी दौरान अजय सिंह ने एक बड़ा संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि जब तक 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार नहीं बन जाती, तब तक वे न तो साफा पहनेंगे और न ही माला। उनके इस ऐलान पर वहां मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं। अब लोग कह रहे हैं कि संकल्प लेना अच्छी बात है। भले ही यह थोड़ा कठिन हो, लेकिन असंभव नहीं। कुछ लोगों ने यह भी टिप्पणी की कि अब सिर पर साफा सजाने के लिए नेता जी को कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। भीड़ देखकर जीतू पटवारी ने किया बड़ा दावा
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ग्वालियर के मोहना पहुंचे। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। जेसीबी से फूलों की बारिश की गई और सभा में भी अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। भीड़ और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर जीतू पटवारी ने बड़ा दावा कर दिया। उन्होंने मंच से कहा कि मध्य प्रदेश में बदलाव की लहर चल पड़ी है और प्रदेश में परिवर्तन की बातें हो रही हैं। जीतू पटवारी के इस बयान के बाद लोग तरह-तरह की बातें करने लगे हैं। उनका कहना है कि उत्साह अपनी जगह ठीक है, लेकिन यह दावा फिलहाल ‘दूर के ढोल सुहावने होते हैं’ वाली कहावत जैसा लगता है। क्योंकि चुनाव अभी दूर हैं और इस बीच सियासी हालातों में कई उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। इनपुट सहयोग – सावन राजपूत (खंडवा), कैलाश दुबे (दमोह), मयंक त्रिपाठी (आलमपुर) ये भी पढ़ें –
सिंधिया के जाते ही ड्राई फ्रूट पर टूट पड़े नेता: सीएम ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री को लगाई हल्दी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी में एक शादी समारोह में पहुंचे थे। यहां एक रोचक सीन देखने को मिला। दरअसल, सिंधिया और अन्य मेहमानों के लिए ड्राय फ्रूट्स का नाश्ता रखा गया था। सिंधिया जैसे ही वहां से उठे, वहां मौजूद कुछ नेता ड्राय फ्रूट्स उठाकर चलते बने। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *