सारनेश्वरजी महादेव में सुबह से लगी भक्तों की कतार:मंदिर रंग-बिरंगे फूलों और बिजली की झालरों से सजे

सिरोही में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर जगह ‘हर हर महादेव’ के जयकारे गूंज रहे हैं। जिला मुख्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित सारणेश्वरजी महादेव मंदिर में सुबह 4 बजे श्रद्धालुओं के लिए पट खोले गए। पट खुलने से पहले ही दूर-दराज के शहरों और गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो चुकी थी। ‘हर हर महादेव’ के नारों के बीच पट खुलते ही श्रद्धालुओं का सैलाब मंदिर में उमड़ पड़ा। इसी तरह, जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर आम्बेश्वरजी महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं, जहां भक्तों को मंदिर परिसर तक पहुंचने के लिए लगभग 425 सीढ़ियां चढ़नी पड़ीं। काम्बेश्वर महादेव शिवगंज, उथमनेश्वर महादेव उथमन, मारकंडेश्वर धाम अजारी और वोवेश्वर महादेव कैलाश नगर सहित अन्य सभी शिवालयों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। सारणेश्वरजी परिसर में रहने वाले अशोक और पंडित ने बताया कि सारणेश्वरजी महादेव का रात 10 बजे से सवा लाख कलशों से जलाभिषेक किया जाएगा। इस अनुष्ठान में मंदिर के पुजारियों के साथ शहर के कई श्रद्धालु भी शामिल होते हैं। यह परंपरा वर्ष 1254 से लगातार चली आ रही है। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए लगभग 3000 लीटर खीर का वितरण प्रसाद के रूप में किया जा रहा है। सिरोही-जालोर सांसद लुंबाराम चौधरी भी सारणेश्वर धाम दर्शन के लिए पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। शहर के विभिन्न शिवालयों के बाहर शिव भक्तों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मिठाइयों, ठंडे जल और शरबत की भी व्यवस्था की गई है। अधिकांश श्रद्धालुओं ने अपनी सुविधा के अनुसार व्रत या उपवास रखा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *