बढ़ौरा शिव मंदिर में 1.30 लाख भक्तों ने किए दर्शन:सीधी में महाशिवरात्रि पर पुलिस बल रहा तैनात, जगह-जगह हुए धार्मिक अनुष्ठान

सीधी जिले के बढ़ौरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को दोपहर 3 बजे तक लगभग 1.30 लाख भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन किए। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। सेमरिया, चुरहट, बम्हनी और यातायात थानों के साथ महिला थाना व रिजर्व बल तैनात किया गया था। भीड़ नियंत्रण और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए, जिससे दर्शन निर्बाध रूप से संपन्न हुए। जिला प्रशासन ने भी आयोजन पर कड़ी निगरानी रखी। जिला कलेक्टर स्वरोचिस सोमवंशी ने बताया कि व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीएम और तहसीलदार की मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगाई गई थी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। सुबह से ही मुंडन, कनछेदन, पूजा-पाठ और यज्ञ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। भक्तों में शिवभक्ति का उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, हजारों वर्षों से पूजित यह मंदिर सीधी जिले की आस्था का प्रमुख केंद्र है। समाजसेवी प्रभात वर्मा ने बताया कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि सीधी के अलावा सिंगरौली, रीवा, शहडोल और उमरिया सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। भगवान शिव पर कांवड़ चढ़ाने का महत्व भी इस स्थल की धार्मिक गरिमा को बढ़ाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *