नागौर में नेशनल हाईवे 62 पर खींवसर के लालावास फांटा के पास एक कार व ट्रोले की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार सवार 2 युवकों की मौत हो गई व अन्य 1 गंभीर घायल हो गया। घायल को जोधपुर रेफर कर दिया गया। दोनों मृतक रिश्ते में मौसेरे भाई बता जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिए। खींवसर पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर कन्हैया लाल ने बताया कि बीती मध्यरात्रि एक एसक्रॉस कार खींवसर से आसोप जा रही थी, तभी जोधपुर की तरफ से आ रहे ट्रोले से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पालड़ी राणावता निवासी 35 वर्षीय महेंद्र खदाव व 34 वर्षीय रामविलास खदाव की मौत हो गई। वहीं, 33 वर्षीय महेंद्र प्रजापत गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद ट्रोला चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को खींवसर सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने घायल महेंद्र प्रजापत को खींवसर सीएचसी पहुंचाया, यहां से डॉक्टर ने घायल को जोधपुर के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद मृतक रामविलास खदाव के भाई रामकिशन खदाव ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।


