राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय ने आरजीएचएस योजना के तहत गंभीर अनियमितता के मामले में सख्त कार्रवाई की है। डीग जिले के उप स्वास्थ्य केंद्र कुचावटी में कार्यरत महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता किशन देई को विभागीय जांच प्रस्तावित होने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आदेश के अनुसार, किशन देई पर आरजीएचएस कार्ड के दुरुपयोग, गंभीर दुराचरण और राजकीय राशि के अनुचित उपयोग, अपव्यय एवं दुरुपयोग के आरोप हैं। इन आरोपों के मद्देनजर राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-1958 के नियम 13(1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान किशन देई का मुख्यालय संयुक्त निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, जोन-भरतपुर के कार्यालय में रहेगा। निलंबनकाल में उन्हें नियमानुसार वेतन का 50 प्रतिशत निर्वाह भत्ता देय होगा। यह निलंबन आदेश 14 फरवरी 2026 को जारी किया गया है, जिस पर निदेशक (अराजपत्रित), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्थान, जयपुर के हस्ताक्षर हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


