खेत में कीटनाशक दवा का स्प्रे करते समय दवा के संपर्क में आने से अचेत हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। कस्बा थाना के एएसआई भगवान सिंह ने बताया कि 13 जनवरी को पाटन गांव निवासी 37 वर्षीय दिनेश जाटव अपने खेत में चने की फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। स्प्रे के दौरान कीटनाशक दवा सांस के जरिए शरीर में चली गई, जिससे वह अचानक बेहोश हो गया। गंभीर हालत में परिजनों ने दिनेश को तुरंत स्थानीय हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति नाजुक देखते हुए उसे कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दिनेश की हालत में सुधार नहीं हुआ और बीती रात उसकी मौत हो गई। आज पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।


