सिवनी में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के प्राचीन मठ मंदिर सहित कई शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर शिव बारात निकाली गई और शिव-पार्वती का प्रतीकात्मक विवाह संपन्न हुआ। महादेव मंदिर में शिवरात्रि महोत्सव के दौरान भगवान शिव-गौरा को छप्पन भोग अर्पित किया गया और उनका श्रृंगार किया गया। मठ मंदिर में तीन दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ विघ्नहर्ता गणेश जी की पूजा के साथ हुआ था। एशिया के सबसे बड़े स्फटिक शिवलिंग का विशेष पूजन और फूलों से श्रृंगार किया गया। यह मंदिर सुबह 4 बजे से देर रात तक श्रद्धालुओं के लिए खुला रहा, जहां ‘ॐ नमः शिवाय’ के जाप के साथ पूजा-अर्चना की गई। शहर के मठ मंदिर और शंकर मढ़िया सहित कई क्षेत्रों से शिव बारातें निकाली गईं। इन बारात में भक्त पारंपरिक नृत्य करते हुए शामिल हुए। धनोरा सिद्ध पीठ शिव मंदिर में रुद्राभिषेक और भगवान का श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप और विशेष पूजन-अर्चन किया। कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की। मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है, जिससे पूरे नगर में उत्सव जैसा वातावरण बना हुआ है। शिव बारात में भूत-पिशाच नाचे शिव बारात में भगवान शिव की सजीव झांकी, डमरू दल, ढोल-नगाड़े और भूत-पिशाच रूपी गण शामिल थे, जो आकर्षण का केंद्र रहे। युवाओं ने शिव तांडव स्तोत्र की प्रस्तुति दी। जगह-जगह मंच बनाकर भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए। नगर के मठ सिद्धपीठ मंदिर में मठ महाकाल समिति द्वारा विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यहां से निकलेगी बारात भोले बाबा की बारात मठ मंदिर से प्रारंभ होकर ढीमरी मोहल्ला, दुर्गा चौक, गिरजाकुंड, नगर पालिका चौक, शंकर मढ़िया, महावीर मढ़िया और छिंदवाड़ा चौक होते हुए पुनः मठ मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। यहां भगवान शिव एवं माता पार्वती के प्रतीकात्मक स्वरूप का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा।


