बूंदी में छात्रा पर स्ट्रीट डॉग का हमला:परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया, मुकदमा दर्ज करने की मांग

बूंदी के तालेड़ा क्षेत्र स्थित सीतापुरा स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में 12 फरवरी को एक स्ट्रीट डॉग ने 9 साल की छात्रा तृप्ति सेन पर हमला कर दिया था। इस घटना के बाद रविवार को छात्रा के पिता नरेश सेन ने स्थानीय ग्रामीणों और भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता अनिल जैन तालेड़ा के साथ तालेड़ा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज को एक परिवाद सौंपा। इसमें संस्था प्रधान और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। कक्षा 4 की छात्रा तृप्ति सेन इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसके शरीर पर 20 से अधिक घाव हुए हैं। भाजपा नेता अनिल जैन तालेड़ा ने आरोप लगाया कि यह घटना स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना था कि यदि प्रबंधन ने सतर्कता बरती होती, तो बालिका की यह स्थिति नहीं होती। परिवाद सौंपते समय नरेश सेन के साथ स्थानीय ग्रामीण हरिशंकर मीणा, मुकेश सेन, कुलदीप मीणा, गजेंद्र मीणा, मनीष मीणा और सोनू मीणा भी मौजूद थे। इन सभी ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अनिल जैन तालेड़ा ने चेतावनी दी है कि घटना में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही स्पष्ट है, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यदि अगले दो दिनों में लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होती है, तो भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण धरना प्रदर्शन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *