शिवालयों में दूध, दही, जल और घी से हुआ अभिषेक:शिव- पार्वती की झांकी सजी; नागौर के थांवला में महाभजन संध्या आज

नागौर में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही और ‘हर-हर महादेव’ व ‘बम-बम भोले’ के जयकारों की गूंज सुनाई दी। ​शहर के पातालेश्वर महादेव, जबरेश्वर, रेलेश्वर और शानेश्वर महादेव सहित तमाम छोटे-बड़े मंदिरों में तड़के से ही जलाभिषेक का दौर शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान आशुतोष को जल, दूध, दही, घी, शक्कर, विजया, बिल्व पत्र और फल अर्पित किए। विशेष पूजा-अर्चना कर भक्तों ने क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में शहर के कई क्षेत्रों में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। इन शोभायात्राओं में शिव-पार्वती की जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। ​मंदिरों में दिनभर विशेष पूजा और अनुष्ठान का क्रम जारी रहा। रात्रि के समय विभिन्न शिवालयों में जागरण और भक्ति संध्या के आयोजन किए जाएंगे, जिसमें कलाकार शिव महिमा का गुणगान करेंगे। पर्व को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुबह से शुरू हुआ दर्शनों का यह सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा। बंशीवाले मन्दिर के पास स्थित पुष्टिकर पंचायत भवन में आज शिव चरित्र कथा का आयोजन किया जा रहा है। वहीं नागौर के थांवला में विशाल भजन संध्या का आयोजन आज किया जायेगा। सभी शिव मंदिरों में आज देर रात तक धार्मिक आयोजन चलेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *