विधायक बंसल ने घग्गर पानी उपयोग का मुद्दा उठाया:मुख्यमंत्री से लिफ्ट योजना को मंजूरी देने की मांग, 17 हजार हेक्टेयर को लाभ

हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर घग्गर डायवर्जन चैनल (सेमनाला) के अतिरिक्त पानी के उपयोग का मुद्दा उठाया। उन्होंने राज्य बजट में लिफ्ट योजना को स्वीकृति देने की मांग की, जिससे बरसात के अतिरिक्त पानी का सिंचाई में उपयोग हो सके। विधायक बंसल ने बताया कि सामान्य दिनों में सेमनाला में 1000 क्यूसेक से अधिक पानी बहता है। मानसून के दौरान यह मात्रा 3000 से 8000 क्यूसेक तक पहुंच जाती है। वर्तमान में यह अतिरिक्त पानी बिना उपयोग के बह जाता है, जबकि आसपास के कृषि क्षेत्र सिंचाई जल की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि सेमनाला के 42 आरडी के नीचे साइफन से गुजरने वाली जीजीआर नहर में इस अतिरिक्त पानी को लिफ्ट कर डाला जा सकता है। यह नहर आगे एसएसडब्ल्यू और एचएमएच नहरों से जुड़ती है। इस प्रस्ताव से एसएसडब्ल्यू नहर के 29.454 किलोमीटर क्षेत्र की 12,472 हेक्टेयर भूमि और एचएमएच तथा एफटीजी नहरों के 5000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को सिंचाई का अतिरिक्त पानी मिलेगा। विधायक के अनुसार, इस योजना से कपास और धान जैसी फसलों की खेती को बढ़ावा मिलेगा, जिससे हजारों किसानों को सीधा लाभ होगा। प्रस्तावित लिफ्ट योजना की अनुमानित लागत लगभग 20 करोड़ रुपए है। बंसल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण योजना को शीघ्र स्वीकृति दी जाए और बजट में आवश्यक राशि का प्रावधान किया जाए। इससे बरसाती जल का समुचित उपयोग कर क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *