‘BAP दिशाहीन हो चुकी, राजकुमार रोत ने पार्टी हाईजैक की’:पूर्व बीएपी नेता ने कहा-अपना फायदा देख रहे; रोत बोले- हमें फर्क नहीं पड़ता

भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के टिकट पर गढ़ी विधानसभा से चुनाव लड़ चुके प्रो मणिलाल गरासिया ने 12 कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस जॉइन कर ली। इसके बाद उन्होंने कहा- भारत आदिवासी पार्टी (BAP) अब दिशाहीन हो चुकी है। वहां केवल नफरत की राजनीति हो रही है। वह सिर्फ आदिवासी समाज के नाम पर राजनीति कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। राजकुमार रोत और कुछ गिने-चुने नेताओं ने निजी स्वार्थ के लिए पूरी पार्टी को हाईजैक कर लिया है। वहीं उनके बयान पर पार्टी सुप्रीमो राजकुमार रोत ने भी पलटवार करते हुए कहा- हम उन्हें डेढ़ साल पहले पार्टी से निकाल चुके हैं। उनके जाने से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। बता दें कि 2023 विधानसभा चुनाव में गरासिया ने गढ़ी विधानसभा से बीएपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। करीब 44 हजार वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे थे। वे BAP के संयोजक और भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय संरक्षक रह चुके हैं। गरासिया ने रविवार को जयपुर में PCC कार्यालय में कांग्रेस जॉइन की। आदिवासी समाज के नाम पर फायदा देख रहे प्रो. मणिलाल गरासिया ने कहा- आदिवासी समाज के नाम पर ये लोग सिर्फ अपना फायदा देख रहे हैं, जिससे क्षेत्र का विकास रुक गया है। 5 साल तक कांग्रेस के साथ समर्थन में सरकार में रहे लेकिन क्षेत्र का क्या काम करवाया, बताएं? अब राष्ट्रीय विचारधारा वाली कांग्रेस के साथ जुड़कर भील युवाओं को मुख्यधारा में लाएंगे और जातिवादी राजनीति को खत्म करेंगे। वह डेढ़ साल पहले ही बीएपी छोड़ चुके थे। रोत बोले- वे तो भाजपा के लिए काम कर रहे थे इधर, गरासिया के कांग्रेस जॉइन करने के बाद BAP पार्टी सुप्रीमो और सांसद राजकुमार रोत ने कहा कि मणिलाल गरासिया के जाने से पार्टी पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। गरासिया को डेढ़ साल पहले ही पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निष्कासित किया जा चुका था। वे पर्दे के पीछे से भाजपा के लिए काम कर रहे थे। पूर्व सीएम से भी मिले गरासिया रविवार को जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने गरासिया को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई। गरासिया के साथ ​बांसवाड़ा से कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह बामणिया और वरिष्ठ नेता दिनेश खोड़निया भी मौजूद रहे। सदस्यता के बाद गरासिया ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी मुलाकात की। 12 कार्यकर्ताओं ने भी छोड़ा BAP का साथ ​प्रो. गरासिया के साथ बीटीपी के पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप पणदा, बाप गढ़ी ब्लॉक अध्यक्ष नारायण बामणिया, तलवाड़ा अध्यक्ष शंकर मईडा, ट्राइबल मजदूर संघ के सनी भाई डेंडोर सहित हेनरी पटेल, नितेश कतिजा और मनीष मईडा जैसे कई पदाधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस दलबदल से बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिले में कांग्रेस को संजीवनी मिलेगी, जबकि बीएपी के वोट बैंक में सेंध लग सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *