हनुमानगढ़ में महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जंक्शन की कल्याण भूमि में स्थित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में विशेष रूप से आस्था का सैलाब देखा गया। अल सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए कतारों में खड़े थे, वहीं सुबह 5 बजे से भंडारा शुरू होने के बाद लंगर हॉल में प्रसाद ग्रहण करने वालों की आवाजाही लगातार जारी रही। मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने बताया कि इस वर्ष 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। भंडारे के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं, जिसमें लगभग 10 टीन घी, 30 टिन रिफाइंड और 20 क्विंटल दूध सहित अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था शामिल है।
उन्होंने यह भी बताया कि भंडारा देर रात तक जारी रहेगा, ताकि कोई भी श्रद्धालु प्रसाद से वंचित न रहे। प्रबंध समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि जब कल्याण भूमि में इस विशाल शिव मंदिर का निर्माण हुआ था, तब कुछ लोगों को संदेह था कि यहां भंडारा सफल नहीं हो पाएगा। हालांकि, पिछले कई वर्षों से यह भंडारा सफलतापूर्वक आयोजित हो रहा है और हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है। महाशिवरात्रि के रात्रि जागरण कार्यक्रम के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। लंगर हॉल में बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, साथ ही दर्शन और प्रसाद वितरण के लिए सुचारु पंक्तियाँ बनाई गई हैं। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे रात में इसकी छटा और भी आकर्षक दिखाई देगी।


