राजधानी में कमिश्नरेट लागू होने के बाद जारी सख्त निर्देशों के बीच देर रात तक क्लब संचालित करना क्लब मिथ्या के मैनेजर को भारी पड़ गया। तेलीबांधा पुलिस ने वीआईपी रोड स्थित इस क्लब पर रेड कार्रवाई करते हुए मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही क्लब का गुमाश्ता लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मैनजर का नाम पुलिस द्वारा फैकी महु पिता पीयुष महु बताया जा रहा है। मैनेजर पर प्रतिबंधात्मक धारा के तहत कार्रवाई पुलिस ने की है। अब पढ़े पुलिस ने क्यों की कार्रवाई पुलिस के अनुसार शासन के निर्देशों के बाद होटल, बार, ढाबा, कैफे और क्लब संचालकों की कई बैठकों में स्पष्ट रूप से रात 12 बजे तक संस्थान बंद करने के आदेश दिए गए थे। थाना तेलीबांधा क्षेत्र में पुलिस नियमित रूप से चेकिंग कर निर्धारित समय पर सभी प्रतिष्ठान बंद कराती है। 15 फरवरी 2026 की रात पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वीआईपी रोड स्थित क्लब मिथ्या रात करीब 12:50 बजे तक संचालित मिलता पाया गया। जांच के दौरान मौके पर मौजूद मैनेजर फैकी महु (29 वर्ष), निवासी विशाल नगर तेलीबांधा को नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं 170/125, 135 एवं 3(1) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। बाद में इस्तगाशा तैयार कर उसे एसडीएम न्यायालय रायपुर में पेश किया गया। 1 फरवरी की रात को भी खुला था क्लब पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्लब मिथ्या के खिलाफ यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले 1 फरवरी को भी चेकिंग के दौरान क्लब को निर्धारित समय से अधिक संचालित करते पाया गया था, जिसके बाद लाइसेंस निरस्तीकरण का प्रतिवेदन वरिष्ठ कार्यालय को भेजा गया था।


