राजस्थान स्टेट हज कमेटी जयपुर द्वारा चूरू में हज प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। मदीना मस्जिद के पास तेलियान बाड़ी में आयोजित इस शिविर में चूरू जिले से सऊदी अरब जाने वाले 64 हज यात्रियों को प्रशिक्षण दिया गया। शिविर का आयोजन सीएमएचओ डॉ. मनोज शर्मा और शिविर नोडल प्रभारी एवं एसीएमएचओ डॉ. अहसान गौरी के सानिध्य में हुआ। इस प्रशिक्षण शिविर में हज यात्रियों को हज यात्रा से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी और प्रक्रियाएं समझाई गईं। हज प्रशिक्षकों में हाजी युसुफ खां चौहान, हाजी फखरूद्दीन छीम्पा, मौलाना अनिस रजा, खाद्दिम-उल-हुज्जाज सलीमुद्दीन खान और इमरान सरकेल शामिल थे। मंच पर नोडल प्रभारी डॉ. अहसान गौरी, पूर्व अधीक्षक डॉ. एफएच गौरी और डॉ. शमशाद अली भी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान पिछले 20 वर्षों से हज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें हाजी युसुफ खां चौहान, हाजी फखरूद्दीन छीम्पा, हाजी मोईनुद्दीन खान मोयल, हाजी रसीद खां मोयल, हाजी मास्टर शमशाद भाटी, हाजी नियामत अली कुरैशी, मास्टर मुख्यियार और डीएमडब्ल्यूओ नगेंद्र सिंह राठौड़ शामिल थे। उन्हें प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। हज यात्रियों के लिए टीकाकरण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें सीजनल इन्फ्लूएंजा, मेनिंगोकोकल मेनिनजाइटिस और पोलियो के टीके लगाए गए। टीकाकरण के बाद सभी हज यात्रियों को सील और हस्ताक्षर सहित अंतर्राष्ट्रीय प्रमाण पत्र जारी किए गए। चूरू से हज यात्रा पर जाने वाले हाजियों ने इस अवसर पर कहा कि वे मक्का की पवित्र भूमि से देश में अमन और खुशहाली के लिए दुआ करेंगे। इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. अब्बास कच्छावा, डॉ. तरन्नुम बानो, रसीद खान मोयल, इसब खान, तौफीक हुसैन, सुलेमान खान, विजय भाकर, महेश, जावेद सोलंकी और दीपक सहित कई लोगों ने सहयोग किया।


