डीग में शिवरात्रि के अवसर पर किन्नर बेबी मौसी के सानिध्य में भगवान शिव की बारात निकाली गई। रविवार को हुए इस आयोजन में शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह पहली बार था जब किन्नरों ने शिव बारात का आयोजन किया। बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर निकली यह बारात शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी।
किन्नर बेबी मौसी ने बताया कि भगवान शिव के विवाह से जुड़ी सभी पारंपरिक रस्मों का विधिवत निर्वहन किया गया। इसमें तेल, चाक-भात सहित अन्य मांगलिक रस्में पूरी श्रद्धा से संपन्न हुईं। बारात सौघर मोहल्ला से शुरू होकर दिल्ली दरवाजा, नई सड़क होते हुए तेली पाड़ा मोहल्ले पहुंची, जहां मंदिर में जेगर चढ़ाई गई। इसके बाद बारात बेबी मौसी के निवास पर पहुंची, जहां भगवान शिव और माता पार्वती के फेरे सहित विवाह की अन्य रस्में अदा की गईं।
सभी धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण होने पर माता पार्वती की भगवान शिव के साथ विदाई की रस्म संपन्न कराई गई। बारात में बड़ी संख्या में शहरवासी बाराती के रूप में शामिल हुए। भगवान शिव के गण भी नृत्य करते हुए बारात के साथ चल रहे थे। जगह-जगह पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। शिवरात्रि के इस आयोजन को लेकर शहरभर में उत्सव जैसा माहौल रहा।


