डीग पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में नौ माह से फरार चल रहे आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई ऑपरेशन ‘शिकंजा’ के तहत की गई, जिसमें डीग कोतवाली पुलिस टीम ने वांछित आरोपी को फरीदाबाद से पकड़ा। थाना कोतवाली प्रभारी पुलिस निरीक्षक रामनरेश मीना से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने राहुल पुत्र पप्पू (25), निवासी खोह, थाना खोह को फरीदाबाद में दबिश देकर गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस द्वारा आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। इसी प्रकरण में, पुलिस ने 11 मई 2024 को रेलवे स्टेशन डीग से एक अन्य आरोपी सचिन कुमार पुत्र जगदीश (23), निवासी दांतलौठी, थाना जनूथर, जिला डीग को भी गिरफ्तार किया था। सचिन के कब्जे से दो मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड और दो सिम कार्ड बरामद किए गए थे। इस संबंध में थाना कोतवाली डीग पर प्रकरण संख्या 119/25 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं 66डी आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी के मोबाइल फोन और अनजान लोगों के नाम से जारी फर्जी सिम कार्ड साइबर ठगों को बेचते थे। वे 3500 रुपए में एटीएम कार्ड (जिसमें फर्जी सिम जुड़ी होती थी) खरीदते थे और उसे 8000 रुपए में साइबर ठगों को बेच देते थे। इसके अतिरिक्त, आरोपी भोले-भाले लोगों को झांसा देकर उनकी आईडी हासिल करते थे और फिर उनसे फर्जी सिम कार्ड तथा एटीएम कार्ड बनवाकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे।


