मंत्री खर्रा बोले- खाटूश्यामजी में प्राइवेट पार्किंग पर होगी कार्रवाई:इस बार गहलोत सरकार से कई गुना बड़ा बजट आया, 2026 में यमुना जल योजना का शिलान्यास करेंगे

UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि खाटूश्यामजी में प्राइवेट पार्किंग वालों पर कार्रवाई। ज्यादा शुल्क वसूलने और श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने के मामले कई बार सामने आए हैं। लीगल पार्किंग वालों को फिक्स रेट लिस्ट चिपकानी होगी। अवैध पार्किंग बंद करवाई जाएगी। सरकारी जमीन पर पार्किंग के लिए श्रद्धालुओं को एक रुपया देने की जरुरत नहीं है। बदमाशी करने वालों पर पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी। सीकर सर्किट हाउस में रविवार को UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने प्रेस कांफ्रेंस की। UDH राज्यमंत्री खर्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार के बजट में यमुना जल परियोजना के लिए 32 हजार करोड़ मंजूर हुए हैं। कोशिश है कि 2026 में पीएम के हाथों इस योजना का शिलान्यास करवा दिया जाए। गत गहलोत सरकार की तुलना में राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार 41.39% बढ़ गया है। प्रतिव्यक्ति आय पहली बार 2 लाख से ज्यादा हो जाएगी, जो 2023-24 से 21.15 प्रतिशत ज्यादा है। इस बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट के लिए 2023-24 से 2 गुना प्रावधान किया गया है। चिकित्सा व स्वास्थ्य के लिए 2023-24 के बजट से 53 प्रतिशत ज्यादा का प्रावधान किया है। शिक्षा के लिए 2023-24 के बजट से 35 प्रतिशत ज्यादा का प्रावधान रखा है। कृषि बजट पिछले साल से 7.59 प्रतिशत ज्यादा है। UDH राज्यमंत्री खर्रा ने कहा कि सीकर नगर परिषद की सीमा विस्तार‌ के साथ ही अब UIT क्षेत्र की सीमा का विस्तार भी किया जाएगा। इसके बाद सिटी बस के रुट्स को रीवाइज करेंगे। अतिक्रमण के‌ मुद्दे पर मंत्री खर्रा ने कहा कि मीडिया की वजह से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हो पाती, क्योंकि मीडिया अतिक्रमियों का पक्ष भी लिखने लगता है। सीकर‌ के मास्टर प्लान में 5000 से ज्यादा आपत्तियां लगी थीं। अब संशोधित या नया मास्टर प्लान आएगा जिसमें जमीनी स्टडी शामिल होगी। सिर्फ सैटेलाइट इमेज पर मास्टर‌ प्लान का खाका तैयार नहीं होगा। सरकार का प्रयास है कि हर निकाय क्षेत्र में लैंड बैंक हो तो उस हिसाब से सीकर में भी सरकारी आवासीय कॉलोनी की संभावनाएं बनेंगी। प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि भाजपा पंचायती राज और निकाय चुनावों के लिए तैयार है, भले ही 15 मार्च को ही हो जाएं। थ्री लेयर कमेटी बनी है, जिसमें एक सदस्य विधानसभा क्षेत्र के बाहर से प्रभारी, एक सदस्य विधानसभा क्षेत्र से अध्यक्ष और दूसरा संयोजक के रुप में जमीनी आधार व जिताऊ कैंडिडेट का नाम देंगे, उसी‌ को टिकट दिया जाएगा। भाजपा हर समय चुनाव के लिए तैयार है, पूरी रणनीति के साथ चुनाव में जनता के बीच जाएंगे। शेखावाटी में प्रदर्शन सुधार के लिए जल्द ही जिला स्तरीय अधिकारियों की सीएम व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के साथ मीटिंग होगी। इस दौरान धोद विधायक गोवर्धन वर्मा, जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा, पूर्व विधायक रतन जलधारी, जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, ADM सिटी भावना शर्मा, बजरंगलाल शर्मा, CPO अंजलि आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *