छत्तीसगढ़ में कांग्रेस आपातकाल से गुजर रही है। पहले विधानसभा फिर लोकसभा आैर अब नगरीय निकाय चुनावों मंे कांग्रेस को बुरी तरह से पराजय झेलनी पड़ी है। कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद यह माना जा रहा है कि एआईसीसी जल्द ही प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव कर सकती है। इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने का मामला पार्टी हाईकमान का है इस पर वे कुछ नहीं कह सकते। दरअसल चुनाव के नतीजों के आने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के बदले जाने की चर्चा एक बार फिर तेज हो चली है। पीसीसी चीफ दीपक बैज के स्थान पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को नया अध्यक्ष बनाए जाने की हवा चल रही है। लेकिन पार्टी के बड़े नेता इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। रायपुर एयरपोर्ट में मीडिया से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बारे में कोई भी टिप्पणी करने का अधिकार केवल पार्टी की हाईकमान को है। भूपेश ने कहा कि, संगठन में प्रदेश स्तर की नियुक्तियों पर फैसला हाईकमान लेगी।


