17 साल की पोती ने की दादा की हत्या:प्रेम-प्रसंग को लेकर चचेरी बहन से किया विवाद; रोकने पहुंचे तो पत्थर मारा

मऊगंज में नाबालिग पोती ने अपने ही 79 साल के दादा की हत्या की थी। इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ। चचेरी बहन ने लड़की के प्रेम-प्रसंग की शिकायत की, तो वह लड़ने लगी। दादा बीच-बचाव करने आए तो पोती ने पत्थर उठाकर उनके सीने पर मार दिया। क्योंकि शरीर से खून नहीं निकला था, इसलिए पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताया था। पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि भारी चीज मारने से शरीर के अंदरुनी पार्ट डैमेज हो गए थे। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर आरोपी पोती को गिरफ्तार कर लिया। मामला 3 दिसंबर का है। 7 दिसंबर को अस्पताल में बुजुर्ग की मौत हुई। 13 दिसंबर को पीएम रिपोर्ट मिलने पर हत्या का केस दर्ज किया गया। 14 दिसंबर को आरोपी पोती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से बालिका संप्रेक्षण बंदी गृह शहडोल भेज दिया गया है। दैनिक भास्कर ने मामले में मृतक की दूसरी पोती और प्रत्यक्षदर्शी से बात की। जाना कि आखिर क्या हुआ था उस दिन…। सीने में उठा था दर्द, अस्पताल में मौत
झौरा गांव निवासी राम कृपाल कुशवाहा (79) के सीने में 7 दिसंबर को तेज दर्द उठा। गंभीर हालत में उन्हें मऊगंज सिविल अस्पताल लाया गया था। चोट ज्यादा होने से डॉक्टरों ने संजय गांधी अस्पताल रीवा के लिए रेफर कर दिया। यहां इसी दिन रात में मौत हो गई। पुलिस ने 8 दिसंबर की दोपहर 12 बजे पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी थी। घर पर लड़के आने से हुआ विवाद
रामकृपाल कुशवाहा की पोती ने बताया, ‘3 दिसंबर की बात है। मैंने ताऊजी को बोला- कि उनके घर में कुछ लड़के आते हैं, तो मेरे घर की तरफ से निकलते हैं। इसी बात पर शाम को ताऊजी की बेटी ने गाली-गलौज की थी। जैसे-तैसे मामला शांत हो गया। सुबह करीब 11 बजे फिर वह गाली-गलौज करने लगी। मैंने पिता को कॉल करके बताया। साढ़े 11 बजे फिर लड़ाई हो गई। उसके पिताजी मुझे ही भला-बुरा कहने लगे। कुछ देर बाद सड़क पर फिर लड़ने आ गई। मेरे साथ मारपीट की। इस बीच, दादाजी राम कृपाल कुशवाह बीच-बचाव करने आ गए। इतने में चचेरी बहन ने पत्थर लेकर दादाजी के सीने में मार दिया। इसके बाद वह चली गई।’ परिजन ने पोती पर शक जताया था, लेकिन सबूत के अभाव में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पूछताछ में भी लड़की ने कुछ नहीं बताया। शरीर से खून भी नहीं निकला था। इस कारण पुलिस असमंजस में थी। जांच के बाद हत्या का केस दर्ज
पुलिस अधीक्षक मऊगंज रसना ठाकुर ने बताया कि कुछ दिन पहले देवतालाब में घटना हुई थी, जिसमें दो बहनें आपस में झगड़ा कर रही थी। झगड़े में ही उनके दादा बीच-बचाव करने जब आए, तो उन्हें धक्का दे दिया। जिससे वे नीचे गिर गए। गिरने के बाद भी दोनों एक दूसरे पर पत्थर चला रहे थे। इसी बीच एक पत्थर दादा (मृतक) को लग गया, जिससे उनकी तबीयत खराब हो गई। वो रीवा हॉस्पिटल में भर्ती थे, जहां डेथ हो गई। जांच पड़ताल और पीएम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *