रणथंभौर टाइगर रिजर्व में रविवार शाम को भालू ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। जिससे ग्रामीण गंभीर घायल हो गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायल को सवाई माधोपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। भालू के हमले से ग्रामीण हुआ गंभीर घायल रणथंभौर टाइगर रिजर्व के फर्स्ट डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि ग्रामीण जगदीश गुर्जर पुत्र कल्लू गुर्जर निवासी बाजोली है, जो की रणथंभौर टाइगर रिजर्व द्वितीय की डांग क्षेत्र में शाम को मौजूद था। वह किसी काम से जंगल में गया हुआ था। तभी भालू ने अचानक हमला कर दिया। भालू के हमले से ग्रामीण संभल नहीं पाया और वह जमीन पर गिर पड़ा। भालू ने उस पर कई बार वार किए, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। हमले में उसके सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायल को भालू के चंगुल से बचाया। इसके बाद गंभीर हालत में घायल जगदीश गुर्जर को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। आपको बता दें कि इससे पहले भी रणथंभौर में भालू के हमलें में ग्रामीण घायल होने घटनाएं कई बार सामने आ चुकी हैं।


