कोंडागांव के पीएम श्री सेजेस, महात्मा गांधी वार्ड में विद्यार्थियों के लिए बस्तर की लोक संस्कृति पर आधारित एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को स्थानीय परंपरा और संस्कृति से जोड़ना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक कलाकार सरला वैष्णव ने विद्यार्थियों को बस्तर की पारंपरिक चित्रकला की बारीकियां सिखाईं। उन्होंने प्राकृतिक रंगों, पारंपरिक आकृतियों और जनजातीय जीवन से जुड़ी कलात्मक अभिव्यक्तियों पर विस्तृत जानकारी दी। बांस शिल्प कला का प्रशिक्षण श्री मोहन नाग द्वारा दिया गया। उन्होंने छात्रों को बांस से उपयोगी एवं सजावटी वस्तुएं बनाने की विधि सिखाई और इस कला के आर्थिक व सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। विद्यालय के अंग्रेजी और हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों ने इस प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लिया। छात्रों ने रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए कला सीखने में रुचि दिखाई। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य शोभा आजाद, उप प्राचार्य शांति लाल सलाम और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। उपस्थित शिक्षकों में अंजनी मरकाम, बी. ज्योति राव, स्मृति जैन, पदमा पांडे, देशवती कौशिक, कुमुदिनी मिश्रा, राधा प्रधान, मोनिका साहू, सुमेर साहू और रजत लिल्हारे शामिल थे। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मकता विकसित करते हैं और उन्हें अपनी स्थानीय विरासत से जोड़ते हैं।


