शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के पथरेही गांव में सोमवार रात 35 वर्षीय युवक ने अपनी ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक उमरिया जिले के इंदवार का रहने वाला था। कुछ दिनों पहले वह एक मांगलिक कार्यक्रम में यहां था। पुलिस के अनुसार, मृतक का नाम राम नारायण कोल (35) था। मंगलवार सुबह जब परिजन उठे तो दामाद का शव कमरे में फांसी में लटकता हुआ मिला। उसे देख परिजनों ने मामले की जानकारी पड़ोसियों के साथ पुलिस को दी है। पपौंध थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। परिजनों के बयान लिए गए हैं, जिसमें यह बात आई है कि युवक शराब पीने का आदी था।


