भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश देते हुए शनिवार 14 फरवरी को जिले के विभिन्न स्कूलों में मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया गया। कमल कॉलोनी स्थित योग वेदांत सेवा समिति आश्रम, आदर्श पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, पुरानी दे पुरानी बस्ती सस्ती देवी मंदिर नयापारा गार्डन चौक, इंदिरा कॉलोनी, संजय कॉलोनी, सहित सभी शासकीय स्कूलों में बच्चों ने अपने माता-पिता का विधि-विधान से पूजन कर आशीर्वाद लिया। महानगरों और सोशल मीडिया में छाए वेलेंटाइन डे का प्रभाव नगर में खास नजर नहीं आया। अपनी संस्कृति और संस्कारों के लिए पहचाने जाने वाले इस शहर में पश्चिमी प्रभाव सीमित ही दिखा। कार्यक्रम में बच्चों ने अपने माता-पिता को स्वच्छ एवं ऊंचे स्थान पर बैठाकर मंत्रोच्चार और आरती के साथ पूजा-अर्चना की। ‘‘आसने स्थापिते ह्नात्र पूजार्थ भवतोरिह। भवन्तौ संस्थितौ तातौ पूर्यतां मे मनोरथ’’ मंत्र के साथ आरती गाई गई। इसके बाद बच्चों ने माता-पिता के माथे पर तिलक लगाया, पुष्प एवं अक्षत अर्पित किए, फूलमाला पहनाई और उनकी परिक्रमा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजन के दौरान ‘‘सर्व तीर्थ है माता, सर्व देव है पिता’ जैसे भावपूर्ण गीतों से पूरा वातावरण श्रद्धा और भावनाओं से भर उठा। बच्चों की आरती और सम्मान देखकर कई माता-पिता भावुक हो गए। उन्होंने बच्चों को दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। योग वेदांत सेवा समिति के प्रमुख प्रतापराय हरिरमानी, टेकराम वर्मा, उमा देवी वर्मा, कैलाश सेन ने बताया कि आज का युवा पश्चिमी संस्कृति की चकाचौंध में अपने धर्म और कर्तव्यों से दूर होता जा रहा है।


