धमतरी| धमतरी शहर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने की दिशा में नगर निगम ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर अपनी मांगें रखीं। महापौर रामू रोहरा ने नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज की जरूरत पर जोर दिया। इन्हें आगामी वित्तीय वर्ष के बजट में शामिल करने का अनुरोध किया है। धमतरी जिले में बढ़ती जनसंख्या और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित बालोद, कांकेर, गरियाबंद, नारायणपुर और कोंडागांव जैसे पड़ोसी जिलों की स्वास्थ्य जरूरतों को देखते हुए, यहां पैरामेडिकल स्टाफ और विशेषज्ञों की उपलब्धता बेहद जरूरी है। फिलहाल, निजी स्तर पर कुछ संस्थान हैं, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली सरकारी नर्सिंग और फिजियोथेरेपी शिक्षा का अभाव है। महापौर ने कहा कि इन सरकारी संस्थानों की स्थापना से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य शिक्षा भी मिलेगी। इससे क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों को नर्सिंग स्टाफ और फिजियोथेरेपिस्ट मिल पाएंगे।


