भास्कर न्यूज | धमतरी शासकीय सुखराम नागे कॉलेज द्वारा नगरी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वाणिज्य शिक्षा में रोजगार के अवसर एवं संभावनाएं विषय पर व्याख्यान हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वाणिज्य शिक्षा के विविध आयामों, वर्तमान रोजगार संभावनाओं एवं भविष्य की दिशा के प्रति जागरूक करना था। इस श्रृंखला अंतर्गत श्रृंगी ऋषि स्कूल नगरी में, शासकीय उच्चतर कन्या विद्यालय नगरी में शासकीय उमावि सांकरा, शासकीय उमावि सिहावा में व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. रमेश देवांगन प्राध्यापक नगरी कॉलेज थे। उनके साथ डॉ. दीपा देवांगन सहायक प्राध्यापक वाणिज्य व डिलेश्वरी पटेल भी थे। मुख्य वक्ता डॉ. रमेश देवांगन ने विद्यार्थियों को वाणिज्य शिक्षा अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों जैसे- चार्टर्ड अकाउंटेंसी, कंपनी सेक्रेटरी, कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंसी, बैंकिंग, बीमा, वित्तीय प्रबंधन, एमबीए, आयकर एवं जीएसटी परामर्श, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, डेटा विश्लेषण तथा उद्यमिता आदि के संबंध में जानकारी दी। डॉ. दीपा देवांगन ने वाणिज्य विषय की वर्तमान प्रासंगिकता एवं स्वरोजगार की संभावना बताकर विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने प्रेरित किया। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को वाणिज्य से संबंधित जानकारी दी गई।


