सिटी रिपोर्टर। बिलासपुर रतनपुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर के पवित्र कुंड में एक बार फिर कछुओं की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम कुंड के पानी में चार कछुए मृत अवस्था में पाए गए। गौरतलब है कि सालभर पहले इसी कुंड में जाल में फंसने से 30 कछुओं की जान गई थी। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे श्रद्धालुओं ने कुंड के पानी में चार कछुओं को मृत देखा। सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंधन व लोगों की भीड़ जमा हो गई। रतनपुर वन परिक्षेत्राधिकारी ने टीम के साथ शवों को कब्जे में लिया और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। मृत कछुओं में एक की उम्र करीब 3 से 4 वर्ष और शेष तीन की उम्र 1 से 1.5 वर्ष के बीच है। कानन पेंडारी जू के वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. पीके. चंदन द्वारा किए गए पीएम में प्रारंभिक तौर पर अंदरूनी चोटें सामने आई है। विशेषज्ञों के अनुसार कछुओं के निचले हिस्से पर 8-10 दिन पुराने जख्म हैं। वन विभाग ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।


