दुख निवारण श्री बालाजी धाम से निकली प्रभातफेरी, कल सजेगा भव्य दरबार

भास्कर न्यूज | फाजिल्का स्थानीय दुख निवारण श्री बालाजी धाम के 18वें वार्षिक महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को पूरा शहर जय श्रीराम और वीर बजरंग बली के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। महोत्सव के पावन अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी कमलानंद गिरी जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में एक भव्य प्रभातफेरी निकाली गई। सुबह साढ़े पांच बजे मंदिर परिसर से शुरू हुई इस प्रभातफेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और स्वामी का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रभातफेरी शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर और स्वागत द्वार बनाकर स्वामी जी एवं प्रभातफेरी का अभिनंदन किया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। स्वामी कमलानंद गिरी महाराज ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल कथा सुनना पर्याप्त नहीं है, जब तक कथा हृदय में न उतर जाए, तब तक पाप कर्मों का क्षय नहीं होता। उन्होंने विवेकपूर्ण जीवन जीने और मन की शुद्धि पर विशेष बल दिया। महोत्सव के दौरान चल रही दस दिवसीय श्री शिवमहापुराण कथा में रविवार को शहर के गणमान्य परिवारों ने रुद्राभिषेक किया।
प्रेस सचिव संदीप चलाना ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार शाम 3 से 7 बजे तक शिवमहापुराण कथा का विश्राम होगा। मंगलवार को मुख्य वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें सुबह 8:00 – 9:00: भव्य हवन यज्ञ, सुबह 9:30 – 12:00: भजन संकीर्तन और बालाजी के भजनों का गुणगान होगा। दोपहर 12:15: 56 भोग, सवामणी और विशाल भंडारा व शाम 6:45: मंदिर प्रांगण में भव्य दीपमाला होगी। मंदिर कमेटी के प्रेस सचिव संदीप चलाना ने समस्त शहरवासियों से इस धार्मिक महाकुंभ में सम्मिलित होने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *