भास्कर न्यूज| महासमुंद खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डोकरपाली में भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां आयोजित त्रि-दिवसीय भव्य रामायण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी एवं अखिल भारतीय कंवर समाज की केंद्रीय अध्यक्ष कौशल्या देवी साय के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि कौशल्या देवी साय ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अपने संबोधन में उन्होंने रामायण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और कर्तव्य परायणता की पराकाष्ठा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि रामायण भारतीय संस्कृति की आत्मा है और इसके मूल्यों को अपनाकर ही एक आदर्श समाज का निर्माण किया जा सकता है। सांस्कृतिक मूल्यों की चर्चा करते हुए साय ने सामाजिक एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज को छल, प्रलोभन या दबाव के माध्यम से होने वाले धर्मांतरण के प्रति सजग रहना चाहिए। संगठित समाज ही अपनी आस्था और परंपराओं को सुरक्षित रख सकता है। इस अवसर पर आनंद साहू, धनंजय साहू, जानवी साहू, जिला उपाध्यक्ष पीलेश्वर पटेल, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा जितेंद्र साहू, सरपंच रूपेश साहू, मंडल अध्यक्ष मायाराम साहू, हेमंत साहू, भूमि विनय साहू, सरपंच वासना दीवान, कोमल दीवान मौजूद थे। आदर्श शासन और पारिवारिक मूल्यों का ग्रंथ: भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि रामायण हमें बेहतर पुत्र, भाई, पति और नागरिक बनने की शिक्षा देती है। पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने भी रामायण को गौरवशाली भारतीय परंपरा का आधार बताया और आयोजन की सराहना की।


