भास्कर न्यूज | रायगढ़ जेसीआई रायगढ़ सिटी और रायगढ़ पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में साइबर अपराधों से बचाव और जनजागरूकता के लिए सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम से हुई। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सजग करना और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार की जानकारी देना था। सेमिनार में रायगढ़ पुलिस की साइबर सेल से डीएसपी अजय नागवंशी, टीआई नासिर खान, हेड कांस्टेबल दुर्गेश सिंह और कांस्टेबल नवीन शुक्ला ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी, ओटीपी शेयरिंग, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे मामलों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध कॉल और लिंक से सावधान रहने की सलाह दी गई। जेसीआई रायगढ़ सिटी के वरिष्ठ सदस्य जैसी आनंद मोदी ने भी साइबर अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। अधिकारियों ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम के अंत में जेसीआई रायगढ़ सिटी के अध्यक्ष गुलशन अग्रवाल ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया और लोगों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। सायबर पुलिस लोगों को ठगी से बचने जानकारी देते हुए।


