भास्कर न्यूज | रिंगनी/खरौद नगर पंचायत खरौद में महाशिवरात्रि पर श्रद्धा और भक्ति का अनोखा माहौल रहा। लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा। दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं और भक्त घंटों खड़े होकर भगवान शिव के दर्शन करते रहे। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और अभिषेक हुए। नगर के विभिन्न मोहल्लों, चौक-चौराहों पर खीर-पूड़ी और प्रसाद बांटा गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में टेंट लगाए गए, जिससे धूप से राहत मिली। सुबह से रामायण कीर्तन भी हुआ, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कतार में खड़े श्रद्धालुओं के लिए जूस वितरण की व्यवस्था भी की गई। यह पूरी व्यवस्था नगर पंचायत अध्यक्ष गोविन्द यादव, उपाध्यक्ष महेश्वर यादव और पार्षदों के सहयोग से की गई, जिसे श्रद्धालुओं ने सराहा। भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन को व्यवस्थित कराने में शिवरीनारायण पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस सुबह से शाम तक परिसर में गश्त करती रही और श्रद्धालुओं को लाइन में लगवाकर प्रवेश दिलाती रही। महाशिवरात्रि पर आसपास के गांवों समेत दूर-दूर के क्षेत्रों से भी भक्त पहुंचे। कई श्रद्धालु लोट मारते हुए मंदिर आए और भगवान शिव के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। बाजारों में पूजा सामग्री, फूल और बेलपत्र की दुकानों पर भी अच्छी रौनक रही। पूरे दिन खरौद भक्ति और उत्साह के रंग में डूबा रहा और देर रात तक मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही।


