भास्कर न्यूज | लुधियाना हंबड़ां रोड स्थित श्री गोविंद गोधाम में रविवार को साप्ताहिक पालकी सेवा और ध्वज पूजन का आयोजन बड़ी ही श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस पावन प्रसंग के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नतमस्तक होकर ठाकुर जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस बार साप्ताहिक सेवा का सौभाग्य पवन कुमार गुप्ता, ऊषा गुप्ता, पीयूष गुप्ता, निधि गुप्ता एवं संयम परिवार को प्राप्त हुआ। गुप्ता परिवार ने श्री राधा-कृष्ण जी की विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत प्रभु को 56 भोग अर्पित किए। इस अवसर पर सुगंधित पुष्प मालाओं और ताजे फलों के साथ प्रभु का अलौकिक श्रृंगार किया गया। परिवार द्वारा दूसरी बार ध्वज पूजन की रस्म को भी पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न किया गया। साप्ताहिक पूजन की पूर्णता के पश्चात सभी श्रद्धालु गौ-शाला परिसर पहुंचे, जहां भगवान नरसिंह और भक्त प्रहलाद की भव्य आरती उतारी गई। कार्यक्रम का समापन गौ-शाला स्थित शिव परिवार की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस धार्मिक समागम में गोधाम ट्रस्ट के सुंदर दास धमीजा, अशोक धवन, मनोहर वर्मा, वीडीसी मेंबर सोनी वालिया और प्रमोद दीवान ने विशेष सहयोग दिया।


