गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं शताब्दी के अवसर पर देश-दुनिया में गुरु रविदास जी की बाणी और जीवन पर विचार-चर्चा, विभिन्न प्रकार के समागम तथा नगर कीर्तन आदि कार्यक्रम विभिन्न संस्थाओं और संगतों के द्वारा आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पंजाब में गुरु रविदास जी के प्रेमियों ने ‘बाणी विचार चेतना मंच’ के बैनर तले पूरे पंजाब में गुरु रविदास जी से संबंधित अकादमिक और आध्यात्मिकता के समन्वय पर विचार-चर्चा के लिए सेमिनार आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस बारे में जानकारी देते हुए बाणी विचार चेतना मंच के संरक्षक बलविंदर सिंह जतिवाल (पूर्व जीएम मिल्कफेड पंजाब) ने बताया कि ये सेमिनार पंजाब के विभिन्न जिलों में आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत पहला सेमिनार लुधियाना में 22 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। यह सेमिनार पूर्ण रूप से श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज गुरु रविदास जी की बाणी और उनके जीवन पर आधारित होगा। सेमिनार के आयोजन के लिए लुधियाना के प्रेम नगर की घुमार मंडी में बैठक आयोजित की गई।


