ब्यास के गांव बुड्डा थेह में विवाहिता रमणदीप कौर (26) की लाश घर के पीछे खेत से मिली। मृतका के परिजनों का आरोप है है कि ससुरालियों ने दहेज के लिए रमणदीप की हत्या की है। बहन नवदीप कौर ने बताया कि रमणदीप की शादी 3 साल पहले जगजीत सिंह के साथ हुई थी। 5 माह पहले बेटे को जन्म दिया था। शादी के बाद से ही ससुराली दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। पहले भी 5 बार दोनों परिवारों के बीच राजीनामा कराया गया था। ससुरालियों का कहना है कि रमणदीप ने तार से फंदा लगाकर खुदकुशी की है। वहीं मृतका की बहन नवदीप ने आरोप लगाया कि पहले रमणदीप की बेरहमी से पिटाई की गई, उसकी एक टांग तोड़ दी गई और बाद में हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। थाना ब्यास के इंस्पेक्टर सरदूल सिंह ने बताया कि मृतका की बहन के बयान पर सास कश्मीर कौर, ससुर जोगिंदर सिंह और जेठानी रूपिंदर कौर को काबू कर लिया है, जबकि पति जगजीत सिंह और रिश्तेदार हरप्रीत कौर अभी फरार हैं।


