शहर की नवलसागर झील पर 4 करोड़ 30 लाख की लागत से बना हाड़ौती का पहला म्यूजिकल फाउंटेन वाटर स्क्रीन शो अगले माह से शुरू हो जाएगा। फाउंटेन लगाने का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि साउंड सिस्टम और स्क्रीन इंस्टॉलेशन का काम जारी है। इस माह के अंत तक टेस्टिंग पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद देशी-विदेशी पर्यटकों को रंगीन फव्वारों के बीच आकर्षक वाटर स्क्रीन शो देखने का अवसर मिलेगा। इस शो के माध्यम से दर्शकों को बूंदी शहर, यहां के प्रमुख पर्यटन स्थलों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जानने का मौका मिलेगा। शो देखने आने वाले लोगों के लिए नगर परिषद ने ओपन थिएटर भी तैयार किया है। बंसी पहाड़पुर के पत्थर से हैरिटेज स्टाइल में बनाए गए इस थिएटर में एक साथ 200 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। पर्यटन अधिकारी प्रेम शंकर सैनी ने बताया कि शो में मधुर संगीत की धुनों पर पानी की तरंगों के बीच छोटीकाशी के प्राचीन स्थल, ऐतिहासिक मंदिर, धरोहरें और शहर की खूबसूरती प्रदर्शित की जाएगी। लेजर तकनीक की मदद से पानी की स्क्रीन पर विभिन्न आकृतियां उकेरी जाएंगी। म्यूजिकल फाउंटेन में फव्वारों का पानी संगीत के साथ रंग बदलता नजर आएगा, जो दर्शकों के लिए बेहद मनमोहक दृश्य होगा।


