जवाहर नगर स्थित विवेकानंद विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और वंदना से हुई। स्कूल के करीब 200 स्टूडेंट्स ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कुंतेश पाठक के निर्देशन में स्टूडेंट्स ने ‘सौगंध मुझे इस मिट्टी की’, ‘योद्धा बन गई मैं’, ‘ऑल इज वेल’ और राजस्थानी लोक गीत ‘बन्नी’ पर शानदार नृत्य किया। छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पंजाबी भांगड़ा और गुजराती गरबा की प्रस्तुति दी। सुनीता भाटिया और दृष्टि खुराना के निर्देशन में महाभारत के प्रसंग ‘शिशुपाल वध’ का मंचन किया गया। नाटक में रजनीश पटेल ने कृष्ण और योगेश साही ने शिशुपाल की भूमिका निभाई। खुशबू टेकवानी, भवेश बैरवा, नीतेश सिंह और साक्षी महावर ने भी अपनी उत्कृष्ट अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया। बुशरा रहमान सिद्दिकी और अनुष्का राणा के निर्देशन में अंग्रेजी नाटक ‘सत्यवादी हरिश्चंद्र’ का मंचन हुआ। नाटक में राजा हरिश्चंद्र द्वारा सत्य के लिए राज-पाट त्यागने और शमशान में सेवक बनने की कहानी दिखाई गई। पुत्र रोहिताश्व की मृत्यु पर रानी तारावती से कर वसूलने का दृश्य दर्शकों को भावुक कर गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वयंसेवी शिक्षण संस्था संघ राजस्थान के अध्यक्ष डॉ. एल.सी. भारतीय ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर बच्चों में अच्छे संस्कार उत्पन्न कर शिक्षा के मुख्य उद्देश्यों पर चल रहा है। विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध नाट्यकार अशोक राही ने कहा कि शिक्षा विभाग राजस्थान द्वारा 68वीं जिला एवं राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग खेलकूद प्रतियोगिता में स्कूल को संयोजक का दायित्व देना कुशल संयोजन का द्योतक है। कार्यक्रम में अध्यापकों द्वारा डांस एवं नाटक का निर्देशन प्रभावित करता है। समारोह की अध्यक्षता डॉ. नरेन्द्र शर्मा ‘कुसुम’ ने की। अन्त में निदेशक किशन मित्तल ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों को धन्यवाद दिया।


