करनवास थाना क्षेत्र के किशनपुरिया में 22 वर्षीय नंदू सोंधिया की मंगलवार को मौत हो गई। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि खेत में उसे घबराहट के बाद उल्टियां होने लगीं। आसपास के लोगों ने उसे देखा और तुरंत ब्यावरा के निजी नर्सिंग होम ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मंगलवार शाम तक भी मृतक के माता-पिता को अपने बेटे की मौत की जानकारी नहीं थी। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में जहर खाकर आत्महत्या की बात सामने आ रही है।


