मध्यप्रदेश के रायसेन में सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहरी सर्वेक्षण ‘नक्शा’ पायलट परियोजना का शुभारंभ किया। शिवराज ने कहा, यह केवल रायसेन या मध्यप्रदेश का कार्यक्रम नहीं है। यहां से पूरे हिंदुस्तान का नक्शा कार्यक्रम आज लॉन्च किया जा रहा है। 23 राज्य और 3 केंद्र शासित प्रदेश इस योजना से जुड़े हुए हैं, लेकिन मेरी इच्छा थी कि मैं यह कार्यक्रम रायसेन से शुरू करूं। केन्द्रीय भूमि संसाधन विभाग ने डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के तहत ‘नक्शा’ (“NAKSHA” National Geospatial Knowledge-based Land Survey of Urban Habitations) कार्यक्रम शुरू किया है। यह योजना ड्रोन, सैटेलाइट और उन्नत तकनीक (GIS, जियोलॉजिकल इन्फॉर्मेंशन सिस्टम) की मदद से शहरी इलाकों की जमीन का सर्वे करेगी। इससे सरकारी रिकॉर्ड में जमीन से जुड़ी जानकारी सही और अपडेट रहेगी। कार्यक्रम से वाटरशेड यात्रा की शुरुआत हुई
सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हेलिकॉप्टर से दोपहर 12 बजे दशहरा मैदान पर बने हेलीपैड पहुंचे। रायसेन के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार, राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, विधायक सुरेंद्र पटवा सहित कलेक्टर-एसपी ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में नक्शा परियोजना पर आधारित फिल्म दिखाई गई। वाटरशेड यात्रा को भी हरी झंडी दिखाई। ‘कांग्रेस बंद हो जाएगी, लेकिन लाड़ली बहना योजना नहीं’
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में कहा, कांग्रेस पार्टी बंद हो जाएगी, लेकिन लाड़ली बहना योजना बंद नहीं होगी। नक्शा योजना से किसानों को फायदा होगा। हर खेत को पानी और बिजली मिलेगी। आपके अपने गांव में, आपके शहर में, आपके अनुभाग में ड्रोन से सर्वे करके नक्शे के आधार पर काम किया जाएगा। कार्यक्रम की तस्वीरें… रायसेन में नई मंडी, औद्योगिक क्षेत्र व सांची में महाविद्यालय बनेगा
सांची विधायक डॉ. प्रभु राम की मांग पर सीएम ने नई कृषि उपज मंडी की स्थापना को मंजूरी दी है। रायसेन के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए एक नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सांची में एक नए महाविद्यालय की स्थापना भी की जाएगी। धार्मिक शिक्षा को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने धार्मिक शिक्षा को बढ़ावा देने की भी योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की गीता का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचना चाहिए। इस उद्देश्य से नगरों और शहरों में गीता भवन का निर्माण किया जाएगा। विशेष रूप से, रायसेन में एक बड़े गीता भवन का निर्माण किया जाएगा, जो विधायक द्वारा मांगे गए सामुदायिक भवन की जरूरत को भी पूरा करेगा।


