भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब के पूर्व डिप्टी स्पीकर एवं राजनीतिक इतिहास के प्रो दरबारी लाल ने 2027 के चुनाव से पहले यूथ कांग्रेस के चुनाव करवाने पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यदि युवा कांग्रेस के दूल्हे आपस में भिड़ेंगे तो दुल्हनिया कोई और ले जाएगा। पंजाब कांग्रेस के तीन शीर्ष नेता अपने-अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए कोशिश कर रहे हैं जिससे युवा कांग्रेस के नेता करीब सभी स्थानों पर आपस में भिड़ रहे हैं यदि इनको समय पर रोका न गया तो 2027 के चुनाव पर इसका दुष्प्रभाव पड़ना तय होगा जो कांग्रेस के हित में कदापि नहीं है। प्रो. लाल ने कहा कि यूथ कांग्रेस के चुनाव 2007 से शुरू किए गए थे। इस पर राजनीति के कई विशेषज्ञों ने इसे न करवाने का सुझाव दिया था। उनके विचार अनुसार नौजवानों में आपसी कशमकश शुरू हो गई जो बड़े चुनावों में परेशानी का सबब बनेंगे। परिणामस्वरूप कांग्रेस पंजाब में 2007-2012 और 2022 में बुरी तरह हार गई। इस तरह पंजाब में हुए चार चुनावों में से तीन बार कांग्रेस को पराजय का मुंह देखना पड़ा। कांग्रेस को यूथ कांग्रेस के चुनावों का या तों समय बदलना चाहिए या वर्तमान तरीके को बदला जाए। प्रो. लाल ने आलाकमान के अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे को एक विस्तार पूर्वक पत्र लिखकर मांग की है कि छोटी-छोटी लड़ाइयों को बंद करके 2027 के युद्ध के लिए तैयारी करनी चाहिए ताकि परिणाम साकारात्मक निकल सकें।


