भास्कर न्यूज | राजसमंद शिक्षा विभाग ने शनिवार को आरटीई को लेकर नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसमें प्राइवेट स्कूलों में पहली बार नर्सरी से लेकर पहली क्लास तक यानी 4 क्लासों में राइट टू एजुकेशन के तहत बच्चों को निशुल्क प्रवेश मिल सकेगा। इसके लिए 20 फरवरी से आवेदन शुरू हो जाएंगे, जबकि 6 मार्च को लॉटरी निकाली के जाएगी। गाइड लाइन जारी होने बाद जिले में भी इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया को लेकर निर्देश और टाइमलाइन भी जारी की है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि इस बार नर्सरी से पहली क्लास तक यानी कुल क्लास में आरटीई से निशुल्क प्रवेश बच्चों को दिया जाएगा। 4 प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की सहायक निदेशक और आरटीई एडमिशन प्रभारी चंद्र किरण पंवार के अनुसार नर्सरी क्लास में 3 से 4 साल तक और फर्स्ट क्लास में 6 से 7 साल तक के स्टूडेंट्स को एडमिशन दिया जाएगा। इसको लेकर नवीन गाइडलाइन जारी की है। इस बार ये रहेगा फॉर्मूला: इस बार शिक्षा विभाग ने इसमें बदलाव करते हुए चार क्लासों को जोड़ा है। इसके तहत नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और पहली क्लास में एडमिशन हो पाएंगे। इससे करीब पूर्व से डेढ़ गुना तक बच्चों को निशुल्क प्रवेश मिल सकेगा। साथ ही प्री प्राइमरी 3 प्लस यानी नर्सरी में 3 साल से अधिक और 4 साल से कम उम्र के स्टूडेंट्स, प्री प्राइमरी 4 प्लस यानी एलकेजी में 4 वर्ष से 5 वर्ष तक के स्टूडेंट्स, प्री प्राइमरी 5 प्लस यानी यूकेजी में 5 वर्ष से अधिक और 6 वर्ष से कम आयु के स्टूडेंट्स और फर्स्ट क्लास में 6 वर्ष से अधिक और 7 वर्ष से कम उम्र के स्टूडेंट्स को एडमिशन मिल सकेगा। शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में आरटीई के तहत नर्सरी और पहली क्लास में ही एडमिशन दिया जाता था। इसमें केवल नर्सरी और पहली क्लास में ही एडमिशन हो पाता था। पेरेंट्स या तो नर्सरी या फिर पहली क्लास के लिए ही आवेदन कर सकते थे।


