अजमेर के निकटवर्ती ग्राम केसरपुरा में 180 फीट गहरे कुएं में युवक की लाश मिलने के मामले में परिजन ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। युवक का शव पत्थरों से बंधा हुआ था और चार दिन से कुएं में पड़ा था। मांगलियावास थाना पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव परिजन को सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक केसरपुरा अनिल (22) पुत्र अर्जुन सिंह रावत 11 फरवरी से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार की रात अनिल का एक लाल रंग का जैकेट कुएं में नजर आया। चप्पलें भी कुएं के पास ही मिली। इसके बाद आशंका जताई गई थी कि अनिल का शव भी कुएं में हो सकता है।। एसडीआरएफ की टीम ने काफी तलाश किया लेकिन पानी ज्यादा होने से शव नहीं मिला। शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने पुष्कर से अंडर वाटर कैमरे मंगवाकर कुएं के गहरे पानी में डाला। करीब 20 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन और चार घंटे तक अंडरवाटर कैमरे की मदद से तलाश करने पर कुएं के तल में शव पड़ा होने की पुष्टि हुई।


