भारत-पाकिस्तान मुकाबले में टीम इंडिया की 61 रन से दमदार जीत के बाद राजगढ़ शहर में जश्न का माहौल बन गया। जैसे ही मैच में भारत की जीत तय हुई, रविवार की रात करीब 10:30 बजे युवाओं ने बाइक से सड़कों पर उतरकर डीजे की धुन के साथ विजय जुलूस की शुरुआत कर दी। मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। टीम के बल्लेबाज ईशान किशन ने 77 रन की प्रभावशाली पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई और भारत ने 61 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। राजगढ़ में जीत की खबर मिलते ही युवाओं का समूह तिरंगा लेकर एकत्रित हुआ। बाइक जुलूस के दौरान डीजे पर देशभक्ति गीतों की धुन गूंजती रही। ‘भारत माता की जय’ के जयकारों के बीच युवा पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। एक युवक डीजे वाहन के ऊपर हाथ में तिरंगा लेकर खड़ा रहा और पूरे मार्ग में उसे लहराता रहा, जो आकर्षण का केंद्र बना। कई बाइक सवार युवाओं ने भी बाइकों पर अपने हाथों में तिरंगा पकड़कर लहराते हुए निकले । यह जुलूस शहर के मुख्य चौराहों और बाजार मार्गों से गुजरता हुआ आगे बढ़ा। देर रात तक सड़कों पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा, जिसमें युवाओं का जोश और देशभक्ति गीतों की धूम रही।


