कुंडेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर 50 हजार श्रद्धालु पहुंचे:नंदी पर निकली बाबा की बारात; चांदी के आभूषणों से महाकाल रूप में भोलेनाथ का श्रृंगार

टीकमगढ़ में महाशिवरात्रि पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कुंडेश्वर धाम में सुबह से लेकर शाम तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। देर रात तक मंदिरों में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की रस्में पूरी की गई। कुंडेश्वर धाम में भोले बाबा की बारात विशालकाय नंदी पर सवार होकर निकली। दूल्हा बने भोले बाबा की इस बारात में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रात करीब 8:30 बजे बारात शुरू हुई और नगर भ्रमण के बाद वापस मंदिर पहुंची, जिसके बाद विवाह के अनुष्ठान संपन्न हुए। महाशिवरात्रि पर महाकाल रूप में आकर्षक श्रृंगार किया शहर के महेंद्र सागर तालाब स्थित प्रतापेश्वर मंदिर और प्राचीन नजर बाग मंदिर में भी रात करीब 12 बजे तक शुभ विवाह महोत्सव की धूम रही। शिव पार्वती विवाह महोत्सव के उपलक्ष्य में भगवान भोलेनाथ का महाकाल रूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया। भगवान शिव, माता पार्वती और नंदी का चांदी के आभूषणों से रजत श्रृंगार हुआ। देखिए 3 तस्वीर.. मेला ग्राउंड में बुंदेली लोक गायन प्रस्तुत किया इस अवसर पर मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से मेला ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साक्षी पटेरिया और उनकी टीम ने बुंदेली लोक गायन प्रस्तुत किया, जबकि लखन लाल अहिरवार और साथी कलाकारों ने सती लीला का मंचन किया। सुभाषिनी जोशी और उनके साथियों ने भक्ति गायन की प्रस्तुति दी। ये कार्यक्रम देर रात तक चले। सभी शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली शिव धाम कुंडेश्वर के अलावा, टीकमगढ़ के प्राचीन नजर बाग मंदिर, महेंद्र सागर तालाब स्थित प्रतापेश्वर मंदिर, सिद्ध बाबा मंदिर, ब्राह्मण कॉलोनी स्थित जागेश्वर धाम मंदिर, सुभाष पुरम कॉलोनी स्थित गोलोक धाम मंदिर और सिविल लाइन रोड स्थित केदारनाथ शिवालय सहित जिले के सभी शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली गई। रात में शिव पार्वती विवाह महोत्सव का आयोजन किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *