छिंदवाड़ा में नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय ने रविवार रात अपनी फेसबुक आईडी से एक वीडियो जारी किया। जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगातार लग रहे आरोपों से परेशान होकर पत्नी और बच्चों सहित आत्मदाह करने की बात कही हैं। अध्यक्ष मालवीय पिछले कुछ दिनों से विभिन्न आरोपों को लेकर सुर्खियों में हैं। इन मामलों की जांच जारी है। एक सप्ताह के अंदर दो एफआईआर दर्ज महिलाओं द्वारा दर्ज की गई शिकायत में पहला मामला 5 फरवरी को थाने में दर्ज किया गया था, जिसमें महिला के साथ फोन कर अश्लील बात करना और उसका ऑडियो सोशल मीडिया में शेयर करने का आरोप लगा था। इस पर बीएस की धारा सहित आईटी एक्ट की धारा के तहत विनोद मालवीय के ऊपर केस दर्ज किया गया था। वहीं दूसरा प्रकरण शुक्रवार को दर्ज किया गया जिसमें महिला ने विनोद मालवीय के ऊपर गंदी नियत रखने सहित अवैध शारीरिक संबंध बनाने के दबाव का जिक्र किया है जिसके तहत महिला के पति को स्थाई कर्मचारी बनाने तक का लालच दिया गया था महिला ने बताया कि 10 जनवरी को दोपहर 1:00 बजे जब मेरे घर पर कोई नहीं था, उस समय बुरी नीयत से विनोद मेरे घर पर घुस आया था और मेरा हाथ पड़कर अवैध संबंध बनाना चाह रहा था। इसके बाद हमारी कहा सुनी हुई, इस केस में पुलिस ने एससी एसटी एक्ट के तहत बीएस की छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज किया है वीडियो में साजिश का आरोप रविवार देर शाम जारी वीडियो में नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय ने कहा कि “पिछले एक माह से मैं और मेरा परिवार गंभीर मानसिक प्रताड़ना से जूझ रहा है। मैं 1998 से भारतीय जनता पार्टी का कार्य करता हूं और 3.5 साल से परासिया नगर पालिका परिषद का अध्यक्ष हूं लेकिन जो व्यक्ति 3 वर्ष से लगातार मेरे खिलाफ शिकायत करके मुझे पद से हटाने की कोशिश की जा रही है। इसके बारे में पूरे शहर को जानकारी है कि वह कौन लोग हैं, इन लोगों ने षड्यंत्र कर मेरा भारतीय जनता पार्टी से निष्कासन करवा दिया। इसके बाद मेरी ही पार्टी के तीन चार लोग एक अधिकारी के साथ मिलकर धन बल का उपयोग कर महिलाओं की ओर से झूठी शिकायत करके मेरे ऊपर केस दर्ज करवा रहे हैं। अगर इस प्रकरण में महिला सही रही तो उन्होंने तत्काल शिकायत क्यों नहीं की अब क्यों शिकायत हो रही है। इससे यह साबित होता है कि यह सोची समझी साजिश है। मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार सहित विधानसभा में भी प्रश्न उठाए गए जिस पर जांच की गई और कुछ हासिल नहीं हुआ। मुझे यह अंदेशा है कि अभी और भी महिलाओं से झूठी शिकायत करवाई जा सकती है और अगर ऐसा ही चला रहा तो मैं मेरी पत्नी और मेरी बेटियों के साथ आत्मदाह करने को मजबूर हो जाऊंगा लेकिन मुझे कानून पर पूर्ण विश्वास है कि वह गलत कार्रवाई नहीं करेगा” नपा अध्यक्ष को भाजपा ने 6 साल के लिए किया निष्कासित 30 जनवरी को छिंदवाड़ा में भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में डोंगर परासिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विनोद मालवी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर की गई। पार्टी का कहना है कि मालवी की गतिविधियों से संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया। किन शिकायतों के आधार पर हुई कार्रवाई? प्रदेश अध्यक्ष के पास अलग-अलग स्तर से की गई शिकायतों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। शिकायतों में कथित रूप से कमीशन से जुड़े ऑडियो, एक स्थानीय भाजपा नेता की जासूसी कराने के आरोप, पारिवारिक ऑडियो वायरल करने का मामला और आपत्तिजनक ऑडियो सामने आने जैसी बातें शामिल बताई गई हैं। इन मामलों को लेकर पूर्व में कई लिखित शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।


