एसडीएम व नायब तहसीलदार की टीम ने पीटा,ग्रामीण की मौत:बलरामपुर में दो अन्य ग्रामीण घायल, अवैध उत्खनन की जांच करने पहुंची थी टीम

बलरामपुर जिले के हंसपुर में कुसमी एसडीएम एवं नायब तहसीलदार के साथ युवकों ने तीन ग्रामीणों की पिटाई कर दी। मारपीट में घायल एक ग्रामीण की कुसमी हॉस्पिटल में मौत हो गई एवं दो अन्य घायल हैं। बताया गया है कि राजस्व टीम हंसपुर में बाक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच करने पहुंची थी। घायलों ने बताया कि वे गेंहू के खेत में पानी पटाकर लौट रहे थे। मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कुसमी एसडीएम करूण डहरिया व नायब तहसीलदार पारस शर्मा के साथ राजस्व टीम हंसपुर में बाक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच करने रविवार देर शाम को पहुंची थी। रात में हंसपुर के तीन ग्रामीण सरना के पास टीम को मिले। आरोप है कि एसडीएम एवं नायब तहसीलदार एवं उनके साथ पहुंचे युवकों ने तीन ग्रामीणों को डंडों एवं लात से बेदम पीटा। टीम ने तीनों को गाड़ी में डाला और कुसमी लेकर आए। रास्ते में मारपीट में घायल एक ग्रामीण बेहोश हो गया। हॉस्पिटल में एक की मौैत, दो अन्य घायल
रास्ते में एक ग्रामीण के बेहोश हो जाने पर एसडीएम की टीम ने ग्रामीणों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक ग्रामीण राम नरेश राम (60 वर्ष) की मौत हो गई, वहीं दो अन्य ग्रामीण अजीत उरांव (60 वर्ष) एवं आकाश अगरिया (20 वर्ष) घायल हैं। घायल आकाश अगरिया एवं अजीत उरांव ने बताया कि वे गेंहू में पानी पटाने गए थे। रात करीब 8 बजे लौट रहे थे। वहां एसडीएम की गाड़ी एवं एक अन्य वाहन में सवार करीब 6 से 7 लोगों ने सरना के पास उन्हें रोका एवं पूछा कि कहां से आ रहे हो। इसके बाद डंडे एवं लात से उनकी बेदम पिटाई कर दी। उन्हें गाड़ी में डालकर कुसमी लाया जा रहा था। रास्ते में राम नरेश राम बेहोश हो गया तो तीनों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। हॉस्पिटल व थाने में पुलिस बल तैनात
मारपीट में एक ग्रामीण की मौत एवं दो अन्य के घायल होने के बाद हंगामें की आशंका को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं कुसमी थाने में अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। कुसमी में अतिरिक्त फोर्स भेजा गया है। जांच के लिए बलरामपुर एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी कुसमी पहुंच गए हैं। बताया गया है कि कुसमी एसडीएम एवं नायब तहसीलदार सहित मारपीट में शामिल युवकों को राजपुर थाने में रखा गया है। स्थानीय युवकों के साथ पहुंचे थे अधिकारी
बताया गया है कि ग्राम हंसपुर में बाक्साइट का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। एक बाक्साइट लोड ट्रक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था एवं ब्लैकमेलिंग की जा रही थी। इसकी सूचना पर एसडीएम एवं नायब तहसीलदार हंसपुर पहुंचे थे। एसडीएम व नायब तहसीलदार बगैर सुरक्षाकर्मियों के स्थानीय युवकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। मारपीट में स्थानीय युवक सुदीप, मंदीप व विक्की सिंह व अन्य शामिल बताए गए हैं। पुलिस फिलहाल अधिकारियों ने फिलहाल मामले में जांच जारी होना बताया है। अंबिकापुर से फारेंसिक एक्सपर्ट को भी कुसमी बुलाया गया है। फिलहाल एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *