बीकानेर में दिनदहाड़े किसान की जेब से 35 हजार पार:पूगल फांटा बस स्टैंड पर दो शातिरों ने बातों में उलझाकर की वारदात, CCTV में कैद

बीकानेर शहर के पूगल फांटा बस स्टैंड स्थित एक आयरन स्टोर के आगे फल की दुकान पर सोमवार को फिर चोरी की वारदात सामने आई। यहां दो शातिर चोरों ने फल खरीद रहे एक किसान की जेब से 35 हजार रुपए पार कर लिए। ये रुपए एक गड्‌डी बनाकर जेब में रखे हुए थे। घटना सीसीटीवी में कैद होने के बाद अब पुलिस दो युवकों की तलाश कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोरों ने बड़ी चालाकी से किसान को बातों में उलझाया और मौका पाकर उसकी जेब से नकदी निकाल ली। घटना के कुछ ही क्षण बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ित किसान ने मामले की सूचना नया शहर थाना पुलिस को दी है और सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुट गई है। 10 दिन पहले भी हो चुकी है चोरी स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 10 दिन पहले भी इसी स्थान पर चोरी की घटना हुई थी। बावजूद इसके चोरों के हौसले बुलंद हैं। पूगल फांटा बस स्टैंड और सब्जी मंडी क्षेत्र होने के कारण यहां दिनभर भारी भीड़ रहती है, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही चोरियों से दुकानदारों और राहगीरों में रोष है। लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *