जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरोही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में 3 इनामी सहित कुल 6 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसाराम बोस (एससी/एसटी सेल) और किशोरसिंह चौहान के सुपरविजन में यह कार्रवाई हुई। स्वरूपगंज, अनादरा और पालड़ी एम थानों की टीमों ने संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दिया। स्वरूपगंज थाना अधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में एक टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण संख्या 135/2025 में वांछित आरोपी अर्जुन पुत्र उदाराम गमेती भील को गिरफ्तार किया। भोजानाडी भूला, थाना रोहिड़ा निवासी अर्जुन पर 3000 रुपये का इनाम घोषित था और वह पिछले छह माह से फरार था। इसी थाने ने स्थायी वारंटी लालाराम पुत्र सुरमाराम गरासिया (निवासी सिंगारा जोड़ मंडवाड़ा खालसा, हाल डिंगार पीएस पिंडवाड़ा) और गोविंदराम पुत्र बाबूलाल मीणा (निवासी न्यू रेलवे कॉलोनी सिरोही रोड, हाल सदलावा पीएस पिंडवाड़ा) को भी पकड़ा। अनादरा थाना अधिकारी कमलेश के नेतृत्व में टीम ने आबकारी अधिनियम के एक प्रकरण में वर्ष 2022 से फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी आरोपी मनोज कुमार डोडियार पुत्र बाबूलाल मीणा को गिरफ्तार किया। मनोज काटवी, थाना बावलवाड़ा, जिला उदयपुर का निवासी है। इसके अतिरिक्त, गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित आरोपी राकेश कुमार पुत्र ओटाराम उर्फ हटाराम गरासिया (निवासी डाबेला फली जायदरा, थाना रोहिड़ा) को भी पकड़ा गया। पालड़ी एम थाना अधिकारी कैलाशदान के नेतृत्व में टीम ने टॉप-10 इनामी अपराधी मुस्ताक भागलिया पुत्र अहमद भागलिया को गोधरा से दस्तयाब कर 15 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया। मुस्ताक राजन मस्जिद विस्तार मोहल्ला, आजाद रोड, गोधरा, जिला पंचमहल (गुजरात) का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं। इस कार्रवाई से अपराधियों पर पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।


