डीडवाना कुचामन जिले के पीलवा थाना क्षेत्र के ग्राम भकरी में गत दिनों लापता हुई एक नाबालिग किशोरी का दस दिन बाद भी सुराग नहीं लगने से मामला गरमाता जा रहा है। किशोरी के लगातार दूसरी बार लापता होने से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कुछ नामजद युवकों पर अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस सफलता हाथ न लगने से नाराज सर्व समाज ने गांव में कल रात महापंचायत बुलाई। इस महापंचायत में पुलिस को दिए गए अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने पर चर्चा की गई और आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।
भाजपा नेता श्याम माली ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ढिलाई के खिलाफ अब ग्रामीण बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। रणनीति के तहत सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल जयपुर जाकर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में मामले की शिकायत दर्ज करवाएगा। इसके पश्चात मंगलवार को ग्रामीण डीडवाना कूच करेंगे, जहां एसपी ऋचा तोमर को ज्ञापन देकर जल्द कार्रवाई की मांग की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते बालिका को सकुशल बरामद नहीं किया गया, तो अजमेर स्थित आईजी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भकरी गांव के बस स्टैंड से किशोरी का अपहरण होने के बाद ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे संख्या-21ए पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था। देर रात पुलिस प्रशासन के साथ हुई वार्ता और आश्वासन के बाद ही जाम खोला गया था। वर्तमान में मामले की जांच मकराना डिप्टी विक्की नागपाल द्वारा की जा रही है और पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन बालिका का पता न चलना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है।


