जालंधर-भोगपुर रोड पर नूरपुर अड्डा के पास ओवरस्पीड ट्रक हाईवे की ग्रिल तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसा। ट्रक ने दूसरी लेन पर चल रहे 3 वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक ड्राइवर घायल हो गया। सूचना मिलते ही तुरंत सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची।
SSF की टीम ने घायल ड्राइवर को ट्रक से निकाला और एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद एक्सीडेंटेड वाहनों को हाईवे से हटाकर ट्रैफिक को सुचारु किया। हादसा रविवार देर रात 11 बजे के करीब का बताया जा रहा है। SSF की टीम ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद हाईवे पर आधे घंटे के लिए जाम लग गया। हिमाचल का रहने वाला ड्राइवर हुआ घायल
जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर JK 13 J 9792 को जम्मू-कश्मीर का रहने वाला रियाज अहमद चला रहा था। वह जालंधर की ओर आ रहा था। नूरपुर के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया और हाईवे पर लगी ग्रिल को तोड़कर दूसरी लेन में चला गया। वहां वह जालंधर से भोगपुर की ओर जा रहे निटको कंपनी के ट्रक से टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार भी चपेट में आ गई। हादसे में दूसरे ट्रक का ड्राइवर घायल हो गया। उसकी पहचान हिमाचल प्रदेश निवासी रतन के रूप में हुई है। थाना थाना मकसूदां के जांच अधिकारी एएसआई केवल सिंह ने कहा कि SSF की टीम से एक्सीडेंट का पता चला था। जालंधर के कैपिटल अस्पताल में भर्ती ड्राइवर रतन के बयान पर जांच की जा रही है।


