बूंदी के रामगंजबालाजी में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को एक धार्मिक स्थल की सड़क पर गंदगी देखकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल नगर परिषद आयुक्त को फटकार लगाई और सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। दिलावर कोटा से बूंदी जाते समय रामगंजबालाजी कस्बे से होकर गुजरे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि सफाई महीने में एक बार होती है, वह भी सिर्फ औपचारिकता के तौर पर। रोज सफाई करने और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश
मंत्री ने कहा कि उन्होंने पूरे गांव का दौरा किया है और कहीं भी सफाई नहीं दिख रही है। गंदगी देखकर उन्होंने तुरंत पंचायत समिति के विकास अधिकारी को फोन किया और सफाई नहीं करने वालों पर कार्रवाई की बात कही। इसके बाद विकास अधिकारी मनोज जैन सर्किट हाउस पहुंचे। जैन ने मंत्री को जानकारी दी कि रामगंजबालाजी गांव नगर परिषद क्षेत्र में आता है, इसलिए सफाई की जिम्मेदारी नगर परिषद की है। इस पर मंत्री दिलावर ने नगर परिषद के आयुक्त को फटकार लगाई। उन्होंने रामगंजबालाजी की सड़कों पर रोजाना सफाई सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। ‘सफाई के मामले में कोई कोताही नहीं’
मंत्री दिलावर ने स्पष्ट किया कि रामगंजबालाजी नगर परिषद क्षेत्र में होने के कारण सफाई की पूरी जिम्मेदारी आयुक्त की है और इसे नियमित रूप से करवाया जाना चाहिए। सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं ने शहर और आसपास की ग्राम पंचायतों में कचरे के ढेर और अनियमित सफाई की शिकायत की।
इस पर मंत्री दिलावर ने कहा कि जहां भी कचरे के ढेर मिलें, उनका वीडियो बनाकर उन्हें भेजा जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सफाई और कार्रवाई दोनों होगी और सफाई के मामले में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।


